सुपौल में अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, एक देसी कट्टा और बाइक जब्त
सुपौल, 25 जून (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत त्रिवेणीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 24 जून को त्रिवेणीगंज थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियार के साथ किसी स्थान की ओर जा रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने संबंधित क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और हथियार के साथ बाइक भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के अभय प्रकाश कुमार (20 वर्ष), पिता- जयकुमार यादव, निवासी बलुआ बाजार वार्ड संख्या-2 तथा विश्वेश्वर कुमार उर्फ पिंटू कुमार (करीब 25 वर्ष), पिता- स्व. योगेंद्र यादव, निवासी मलहनमा वार्ड संख्या-7 के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान, गिरफ्तारी और बरामद हथियार के स्रोत तथा आपूर्ति नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

