home page

दतिया में 628 अवैध हथियारों पर पुलिस ने रोलर चलाकर किया नष्ट

 | 
दतिया में 628 अवैध हथियारों पर पुलिस ने रोलर चलाकर किया नष्ट


दतिया, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले में अपराध नियंत्रण और न्यायालयीन प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण की दिशा में दतिया पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए वर्ष 2007 से 2026 तक विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में जप्त किए गए 628 अवैध हथियारों का विधिवत विनष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम, दतिया परिसर में न्यायालय के आदेशों के पालन में संपन्न हुई।

यह अभियान जिला दंडाधिकारी स्वप्निल वानखेड़े एवं पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष माल निस्तारण अभियान के तहत किया गया। वर्षों से न्यायालयीन प्रकरणों में जप्त रखे गए हथियारों को नियमानुसार नष्ट कर रिकॉर्ड का भी व्यवस्थित निस्तारण किया गया।

विनष्टीकरण के दौरान देशी कट्टे, अधिया, पिस्टल और बंदूकों सहित कुल 628 अवैध हथियारों पर भारी रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट किया गया। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया गया कि इन हथियारों का भविष्य में किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके।

दतिया पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जप्त माल का समय-समय पर विनष्टीकरण किया जाता है। इससे पुलिस मालखानों में वर्षों से रखे जप्त सामान का वैज्ञानिक एवं कानूनी तरीके से निस्तारण हो पाता है, साथ ही अभिलेखों के रखरखाव में भी सुविधा मिलती है।

इस दौरान एसडीओपी भांडेर पूनम चंद्र यादव, रक्षित निरीक्षक सौरव तिवारी, रक्षित निरीक्षक अजय वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे विनष्टीकरण की प्रक्रिया अधिकारियों की निगरानी में पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा