तृणमूल कार्यकर्ता के घर से अवैध हथियार बरामद, गिरफ्तार
दक्षिण दिनाजपुर, 21 मई (हि.स.)। जिले के गंगारामपुर में पुलिस को अवैध हथियार के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर गंगारामपुर थाना पुलिस ने एक तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता के घर छापेमारी कर उसे एक आधुनिक आग्नेयास्त्र और छह राउंड जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। यह छापेमारी बुधवार को हुई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुमन साहा के रूप में हुई है, जो गंगारामपुर कॉलेज में अस्थायी कर्मचारी है और इलाके में तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि आरोपित के पास अवैध हथियार मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने गंगारामपुर कॉलेज के पास से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने कबूल किया कि हथियार उसके घर में छिपाए गए है।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपित को साथ लेकर गंगारामपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर दस के मध्य साहापाड़ा स्थित उसके घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान उसके शयनकक्ष में खाट के नीचे से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और छह राउंड कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत हथियार और गोलियां जब्त कर आरोपित को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह हथियार रखना बेहद खतरनाक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि आज आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

