यमुनानगर:नाबालिग से अवैध हथियार बरामद, सुधार गृह भेजा
यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-1की टीम ने एक नाबालिग को अवैध देसी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ काबू किया है। आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश करने के बाद सुधार गृह भेज दिया गया है। शाखा प्रभारी राजकुमार ने सोमवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि थर्मल क्षेत्र के आसपास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस ने संदिग्ध को रोककर जांच की, जिसमें वह नाबालिग पाया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में वह हथियार के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उसे सुधार गृह भेजने के आदेश दिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग के पास हथियार कहां से पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी आपराधिक नेटवर्क की भूमिका है। साथ ही उसके संपर्कों और पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

