home page

यमुनानगर: पुलिस ने अवैध हथियार सहित युवक को गिरफ्तार किया

 | 
यमुनानगर: पुलिस ने अवैध हथियार सहित युवक को गिरफ्तार किया


यमुनानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-2 ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। शाखा प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि पाबनी खुर्द क्षेत्र के आसपास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जीवित कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गांव बाल छप्पर निवासी मनोज कुमार पुत्र मदन लाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रभारी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और किस उद्देश्य से अवैध हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार