home page

अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रक सहित अवैध स्क्रैप जब्त

 | 
अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रक सहित अवैध स्क्रैप जब्त


रायगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बारह चक्का डाला बॉडी ट्रक में लोड भारी मात्रा में कबाड़ जब्त किया है। जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि, तमनार चौक की ओर एक ट्रक में अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड कर लाया जा रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। चालक ने अपना नाम रमेश यादव (40 वर्ष) निवासी जिला आजमगढ़ (उ.प्र.) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में करीब 13 टन 700 किलोग्राम लोहे-टीना का कबाड़ स्क्रैप लोड पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 2,87,700 रुपये आंकी गई। चालक से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह होने पर ट्रक (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) सहित स्क्रैप को जब्‍त कर आरोप‍ित रमेश यादव न‍िवासी रसूलपुर उत्तरप्रदेश विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है उसे आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान