यमुनानगर: रिहायशी क्षेत्र में अवैध प्लास्टिक यूनिट पर सीएम फ्लाइंग टीम का छापा
यमुनानगर, 19 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के रटौली रोड स्थित शंकर विहार में अवैध रूप से संचालित प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिट पर गुरुवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अचानक छापेमारी की। करीब तीन घंटे चली इस कार्रवाई में प्रदूषण नियंत्रण, बिजली निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि उक्त इकाई रिहायशी इलाके के बीच बिना आवश्यक अनुमति के संचालित की जा रही थी। यूनिट के बाहर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड या पहचान चिह्न नहीं था, जिससे इसके संचालन को छिपाने का प्रयास प्रतीत हुआ। सीएम फ्लाइंग टीम के निरीक्षक राजेश ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी से पूछताछ की गई, जिसने मालिक से संपर्क कराने की बात कही, लेकिन काफी इंतजार के बावजूद संचालक मौके पर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल भी बंद मिला। जांच के दौरान प्रदूषण विभाग ने इकाई से फैल रहे कचरे और पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं बिजली निगम की टीम ने पाया कि स्वीकृत लोड की तुलना में कहीं अधिक क्षमता के उपकरण उपयोग में लाए जा रहे थे। इस पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अग्निशमन विभाग ने भी सुरक्षा मानकों में खामियां पाई हैं, जिससे संभावित खतरे की आशंका जताई गई है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में यूनिट संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह इकाई कब से अवैध रूप से संचालित हो रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

