सिरसा: अवैध पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार
सिरसा, 30 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव सुरतिया क्षेत्र से एक व्यक्ति को 12 बोर का अवैध पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जसविंद्र सिंह के रूप में हुई है।
नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने सोमवार बताया कि पुलिस टीम गांव सुरतिया क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
आभूषण चोरी की वारदात सुलझी,आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सिरसा जिले के गांव चामल में एक मकान से आभूषण चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गांव चामल निवासी अमनदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि अज्ञात लोग उसके घर का ताला तोडक़र सोने के आभूषण चुरा ले गए हैं। पुलिस ने पीडि़त व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर गांव चामल क्षेत्र से आरोपी गुरविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
चोरी करने के दो आरोपी दबोच
पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को शहर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। सिरसा की जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह व सूरज के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा दो ड्रिल मशीनें बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मनोहर लाल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को शहर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

