home page

सागर: ढाबे पर चल रहा था अवैध पेट्रोलियम का खेल,4 लाख के ज्वलनशील पदार्थ के साथ ट्रक-ट्रैक्टर जब्त

 | 
सागर: ढाबे पर चल रहा था अवैध पेट्रोलियम का खेल,4 लाख के ज्वलनशील पदार्थ के साथ ट्रक-ट्रैक्टर जब्त


सागर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम किशनपुरा स्थित एक ढाबे पर दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित और परिवहन किया जा रहा भारी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को दबोचा है और उनके पास से परिवहन में इस्तेमाल हो रहे वाहन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, नरयावली थाना प्रभारी प्रतिमा मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ग्राम किशनपुरा में स्थित 'सौरभ ढाबा' पर कुछ लोग एक ट्रक में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल या कोई अन्य ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ की टंकियां लोड कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने बिना वक्त गंवाए पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके पर एक ट्रक में प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी टंकियां लोड की जा रही थीं। पुलिस ने मौके से चार लोगों को पकड़ा, जिनकी पहचान शिवकुमार यादव, गौरव यादव, वीरेन्द्र यादव और हेमराज कोरी (ट्रक चालक) के रूप में हुई है। जब पुलिस टीम ने इन आरोपियों से पेट्रोलियम पदार्थ के भंडारण, खरीद-बिक्री या परिवहन से जुड़े वैध कागजात और अनुमति पत्र मांगे, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने जब ट्रक और वहां खड़े एक बिना नंबर के लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली, तो दंग रह गई। वाहनों से कुल 69 प्लास्टिक की टंकियां बरामद हुईं, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 200 लीटर है। जब्त सामग्री में लाइट डीजल ऑयल: 21 टंकियां, मिश्रित ज्वलनशील पदार्थ (मिक्स सॉल्वेंट): 48 टंकियां जिनकी कुल अनुमानित कीमत: लगभग ₹4,00,000 (चार लाख रुपये)।

पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 69 टंकियों को जब्त कर लिया । जांच और लैब टेस्टिंग के लिए प्रत्येक टंकी से एक-एक लीटर के कुल 69 सैंपल (नमूने) लेकर उन्हें सीलबंद कर सुरक्षित रख लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह पूरा मामला अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों की री-पैकेजिंग और तस्करी का लग रहा है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि यह ज्वलनशील पदार्थ चोरी का हो सकता है। इसके अलावा, आबादी क्षेत्र और ढाबे के पास इस तरह असुरक्षित तरीके से ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण करना पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक था, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

नरयावली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध नए कानून और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे