चित्तौड़गढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, हाइवे के ढाबों से 20 हजार किलो से ज्यादा अवैध पेट्रोलियम जब्त
चित्तौड़गढ़, 01 मई (हि.स.)। हाइवे पर ढाबों की आड़ में चल रहे अवैध पेट्रोलियम कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएसटी की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने ओछड़ी से रिठोला जाने वाले कोटा-उदयपुर सिक्सलेन पर दो जगह छापे मारकर 20 हजार किलो से ज्यादा अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है। रसद विभाग ने दोनों ढाबों को सीज कर दिया है। मौके पर कार्रवाई अभी जारी है। जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी ने बताया कि डीएसटी की निगरानी के बाद ओछड़ी-रिठोला मार्ग पर एक बाड़े पर दबिश दी गई। यहां 220 लीटर क्षमता के 98 ड्रम मिले। 90 ड्रमों में 170-170 किलो पेट्रोलियम पदार्थ भरा था। कुल वजन 15,980 किलो हुआ। मौके से ट्रक में भरकर माल सदर थाने पहुंचाया गया। पुलिस ने मनीष शर्मा को नामजद किया है। बाड़ा किराए पर लेकर अवैध भंडारण-बेचान किया जा रहा था। मौके पर डीएसपी बृजेश सिंह, सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह, प्रवर्तन अधिकारी सुनम तिवारी, चक्षु पांडिया, हिमांशु जोशी, विजय थलोद मौजूद रहे। जब्त सैंपल एफएसएल भेजे जा रहे हैं। पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
दूसरी कार्रवाई पहले बाड़े से डेढ़ किमी दूर रिठोला के पास राजस्थानी होटल के नजदीक की गई। यहां आईओसीएल का एक टैंकर खड़ा मिला। पिकअप में आधा दर्जन ड्रम-केनों में डीजल और करीब दो दर्जन ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थ मिला। टैंकर चालक ने बताया कि वह फ्यूल टैंक से डीजल निकलवाने आया था। होटल संचालक को नामजद कर पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कारोबार चल रहा था। जिस होटल पर दबिश दी गई, वहां पहले भी पेट्रोलियम पदार्थ जब्त हो चुका है। आरोपितों के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मानव जीवन को खतरे में डालने और बिना लाइसेंस भंडारण की धाराओं में केस दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

