home page

हाईवे पर अवैध पेट्रोल-केमिकल कारोबार का भंडाफोड़

 | 
हाईवे पर अवैध पेट्रोल-केमिकल कारोबार का भंडाफोड़


जोधपुर, 03 मई (हि.स.)। ओसियां क्षेत्र में जोधपुर जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर चल रहे अवैध पेट्रोल-केमिकल कारोबार का पर्दाफाश किया गया। जोधपुर-फलोदी स्टेट हाईवे-61 पर सिरमंडी के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से दो पिकअप जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस वृत्ताधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ ने बताया कि तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 9 ड्रम ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ और केमिकल बरामद किए गए। एक पिकअप में 200-200 लीटर के 7 बड़े प्लास्टिक ड्रम सहित अन्य कंटेनर मिले। मौके से तरल पदार्थ निकालने के लिए उपयोग में ली जा रही इलेक्ट्रॉनिक मोटर (पंप) और पाइप भी जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओमप्रकाश, श्यामसुंदर और भंवराराम को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिना वैध अनुमति पेट्रोल-केमिकल का भंडारण और परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने सैंपल लेकर ड्रम सील कर दिए और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

डीएसटी प्रभारी के अनुसार, यह नेटवर्क हाईवे किनारे होटलों व दुकानों के पीछे टैंकरों से चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल व केमिकल निकालकर ड्रमों में भरता था। टैंकर चालकों और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से सस्ते दामों पर खरीदकर इन्हें बाड़मेर, नागौर, फलोदी और जोधपुर में सप्लाई किया जाता था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश