दुर्ग : समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती, तीन आरोपित गिरफ्तार
दुर्ग, 07 मार्च (हि.स.)। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आज शनिवार शाम सेक्टर-6 स्थित कोतवाली थाना परिसर में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी गई।
पुलिस, आबकारी विभाग, एफएसएल और राजस्व विभाग, नेशनल कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में अफीम के पौधे लगाए गए पाए गए। इन पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खेत में गेहूं और मक्का की फसल के बीच अफीम की खेती की जा रही थी। मामले में पुलिस ने विनायक ताम्रकार (58), बृजेश ताम्रकार और राजस्थान निवासी केयर टेकर विकास विश्नोई (27) को गिरफ्तार किया है। वहीं मामी ठाकुर और अटलराम जाट फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने अफीम के पौधों को जब्त कर लिया है और आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

