home page

पांवटा साहिब में यमुना नदी के किनारे अवैध खनन, तीन लोग पकड़े

 | 

नाहन, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में यमुना नदी के किनारे सरकारी जमीन से रेत और बजरी निकालने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, लोअर देवीनगर के यमुना नदी क्षेत्र में रवाहड़ा के पास एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर और एक टिप्पर की मदद से अवैध खनन किया जा रहा था। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने करीब 100 मीटर दूर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम लोअर देवीनगर में यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में पहुंची। वहां एक जेसीबी, ट्रैक्टर और टिप्पर से सरकारी जमीन से रेत और बजरी निकाली जा रही थी। पुलिस ने मौके पर जेसीबी का नंबर UK07HD-0801 और टिप्पर का नंबर HP17G-6448 पाया। ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पूछताछ के दौरान जेसीबी चालक ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के खेड़ी गांव निवासी सोनी, पुत्र समेर चंद के रूप में बताई। टिप्पर चालक ने अपना नाम उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के बौड़ियां गांव निवासी अजय, पुत्र मोती लाल बताया। वहीं, ट्रैक्टर चालक ने अपनी पहचान उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के बाडवाला गांव निवासी सुनील, पुत्र सुरेन्द्र के रूप में बताई।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर टिप्पर और ट्रैक्टर के चालकों ने वाहन में लदी रेत और बजरी को गिरा दिया। इसके बाद सरकारी जमीन से अवैध रूप से रेत और बजरी निकालकर ले जाने के मामले में तीनों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर