अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी में एक ट्रैक्टर जब्त,अनुमंडल प्रशासन की कार्रवाई में विरोध
अररिया 24 अक्टूबर(हि.स.)।
फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिण बड़ी नहर के अंदर अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ अनुमंडल प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया।गुप्त सूचना पर फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद के नेतृत्व में फारबिसगंज थाना पुलिस की दो टीम गठित कर दोनों ओर से एक साथ छापेमारी की गई।इस दौरान नहर के अंदर लगे ट्रैक्टर चालकों में हड़कम्प मच गया और ट्रैक्टर लेकर चालक भागने लगा।जिसमें से एक टीम के सदस्यों ने खदेड़कर पकड़ा और फारबिसगंज थाना के सुपुर्द कर दिया।हालांकि कार्रवाई के दौरान स्थानीय बालू माफियाओं ने छापेमारी दल का विरोध भी किया और ट्रैक्टर को साथ ले जाने नहीं दे रहे थे।लेकिन पुलिस बल के खदेड़े जाने के बाद जब्त ट्रैक्टर को फारबिसगंज थाना लाया गया।
मौके पर मौजूद फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ सूचना पर स्थानीय प्रशासन के साथ खनन विभाग की टीम लगातार छापेमारी करती रही है और इसी क्रम में रामपुर दक्षिण बड़ी नहर में अवैध खनन की सूचना मिली।जिसके बाद छापेमारी के लिए दो अलग अलग टीम का गठन कर दोनों साइड से छापेमारी की गई,जिसमें अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।जबकि अन्य ट्रैक्टर को चालक अपने साथ लेकर फरार हो गए।एसडीएम ने बताया कि कार्रवाई के दौरान व्यवधान पैदा करने वाले माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले में खनन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी,जो मामले में विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

