यमुनानगर:अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, वाहन जब्त
यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिला प्रशासन ने अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई तेज करते हुए निगरानी और प्रवर्तन को और सख्त कर दिया है। उपायुक्त प्रीति के निर्देशों के तहत खनन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से लगातार अभियान चला रही हैं। राज्य सरकार के स्तर पर भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है, जिसके चलते विभागीय गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, खनिज संसाधनों के अवैध दोहन और बिना अनुमति परिवहन को रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में टीमों की तैनाती के साथ-साथ चेकिंग पॉइंट्स पर चौबीसों घंटे निरीक्षण किया जा रहा है।एसडीएम व्यासपुर जसपाल सिंह गिल ने बताया कि जिला टास्क फोर्स के विभिन्न विभागों के सहयोग से अभियान को प्रभावी बनाया गया है। पुलिस की सहायता से संयुक्त टीमें फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
खनन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रॉयल्टी, दंड और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति के रूप में करीब 15 लाख रुपये की वसूली निर्धारित की गई है। हालिया कार्रवाई के दौरान मोबाइल माइनिंग टीम ने बीते तीन दिनों में अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और तीन डम्परों को जब्त किया। इसके अतिरिक्त परिवहन नियमों के उल्लंघन पर चार वाहनों पर कुल 88 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

