यमुनानगर: अवैध खनन में लगे सात वाहन जब्त, लाखों का जुर्माना
यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त प्रीति के निर्देशों पर खनन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, राज्य स्तर पर भी इस विषय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और विभागीय गतिविधियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। अवैध खनन को रोकने के लिए संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को तुरंत रोका जा सके। एसडीएम विश्वनाथ ने शनिवार को बताया कि अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन को लेकर जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में खनन विभाग के साथ पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें भी सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 17 से 20 मार्च के बीच संयुक्त कार्रवाई में सात वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर रॉयल्टी, खनिज मूल्य, जुर्माना और पर्यावरण क्षतिपूर्ति मिलाकर 23 लाख 45 हजार रुपये का दंड लगाया गया है। साथ ही दो अलग-अलग मामलों में मुकदमें भी दर्ज किए गए हैं। सहायक खनन अभियंता डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि फील्ड में लगातार निरीक्षण और चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

