home page

डॉक नदी में अवैध खनन जारी, कार्रवाई से पहले ही फरार हुए बालू माफिया

 | 
डॉक नदी में अवैध खनन जारी, कार्रवाई से पहले ही फरार हुए बालू माफिया


किशनगंज, 01 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र स्थित ओदरा काली मंदिर के पीछे डॉक नदी में अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है।

आरोप है कि खुलेआम ट्रैक्टर और नाव के जरिए बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

जानकारी के अनुसार, अवैध खनन की सूचना मिलने पर पत्रकार जब मौके पर पहुंचे तो डॉक नदी में चार ट्रैक्टर और एक नाव के माध्यम से बालू का खनन किया जा रहा था। कैमरा देखकर खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। इस दौरान एक ट्रैक्टर कीचड़ में फंस गया, जिसे दूसरे ट्रैक्टर की मदद से निकालकर मौके से फरार कर दिया गया।

बताया गया कि मामले की सूचना खनन विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को फोन पर दी गई थी। उन्होंने आधे घंटे में छापेमारी का आश्वासन दिया, लेकिन काफी देर तक विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कैमरे पर यह भी दावा किया कि अवैध खनन के एवज में हर महीने 40 से 50 हजार रुपये का 'महीना' दिया जाता है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस संबंध में खनन विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कहा कि जिले में वे अकेले इंस्पेक्टर हैं और लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में चार वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी तबीयत खराब थी और वे अस्पताल में भर्ती थे। यदि किसी के पास ठोस साक्ष्य है तो लिखित शिकायत दें, विभाग कार्रवाई करने को तैयार है।

वहीं, एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि पूर्व में भी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी खनन विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध खनन से नदी और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह