home page

धर्मगंज में अवैध लॉटरी बिक्री का भंडाफोड़, दुकानदार गिरफ्तार

 | 
धर्मगंज में अवैध लॉटरी बिक्री का भंडाफोड़, दुकानदार गिरफ्तार


किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में लॉटरी टिकट बरामद किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धर्मगंज वार्ड संख्या-28 निवासी मंगल कुमार चौधरी को उसके धर्मगंज स्थित पान दुकान से अवैध रूप से लॉटरी बेचते हुए पकड़ा गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से कुल 10,010 रुपये मूल्य के लॉटरी टिकट बरामद किए। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से लॉटरी की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापेमारी की।

जांच के दौरान आरोपी को लॉटरी बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद लॉटरी टिकटों को जब्त कर लिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह