home page

सिरसा: पुलिस ने लाखों रुपये की अवैध शराब पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिरसा: पुलिस ने लाखों रुपये की अवैध शराब पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 03 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव धोलपालिया क्षेत्र से पिकअप गाड़ी से करीब साढ़े आठ लाख रुपये की शराब बरामद की है। पुलिस ने राजस्थान के टिब्बी निवासी रणबीर सिंह को गिरफ्तार किया है।

सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान गांव धोलपालिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव धोलपालिया स्थित एक शराब ठेके पर अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब उतारी जा रही है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से एक पिकअप गाड़ी को काबू किया, जिसमें भारी मात्रा में देशी शराब भरी हुई थी। गाड़ी में सवार व्यक्ति से शराब से संबंधित लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने पिकअप गाड़ी की तलाशी ली जिसमें से 350 पेटी देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रणबीर सिंह ने खुलासा किया कि शराब राजस्थान के तलवाड़ा क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी। पुलिस इस मामले में शराब की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपी के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि होली जैसे त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी और बिक्री को रोकने के लिए पुलिस का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma