अवैध शराब और धारदार हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 7 आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 22 सितंबर (हि. स.)। आगामी गणेश विसर्जन एवं अन्य आयोजनों के मद्देनजर शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन में अवैध शराब और धारदार हथियारों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया।
पिछले 24 घंटे में पुलिस ने 5 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 4 धारदार चाकू और 18.340 लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा 12 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त मध्य जोन ताकेश्वर पटेल के निर्देशन और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मौदहापारा थाना पुलिस ने मेकाहारा अस्पताल एम्बुलेंस स्टैंड के सामने चाकू लेकर लोगों को डराने की सूचना पर लोकेश बंजारे (19) को पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 20 सेंटीमीटर लंबा धारदार स्टील चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने बैरन बाजार में अवैध शराब बिक्री के मामले में विनोद निहाल (19) को गिरफ्तार कर 48 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की, कुल 8.640 लीटर, जब्त की। वहीं मैना चौक के पास चाकू लेकर घूमने के मामले में गौरव क्रोजे (20) और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद हुआ।
गोलबाजार पुलिस ने मटन मार्केट के सामने अवैध शराब बिक्री के मामले में अरूप घोष (29) और विकास मार्टिन (44) को गिरफ्तार किया। इनके पास से 9.700 लीटर शराब, 4 हजार रुपये बिक्री रकम और शराब परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद की गई। पेटी लाइन में सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने पर अविनाश दुबे (49) के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा कि, अवैध शराब, हथियार और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

