यमुनानगर : अवैध देसी शराब की खेप पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 06 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के थाना प्रताप नगर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
थाना प्रभारी गुरदयाल सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कॉर्पियो वाहन में अवैध देसी शराब लेकर लेदी क्षेत्र से होते हुए मुजाफत मार्ग के रास्ते अपने गांव टिब्बी अराईयावाला की ओर आएगा। सूचना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत क्षेत्र में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद लेदी की दिशा से एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम टिब्बी अराईयावाला निवासी आशीष वालिया बताया। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई तो डिग्गी से अवैध देसी शराब की दो दर्जन पेटियां बरामद हुईं।
जांच के दौरान आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

