बलरामपुर : बोलेरो से 210 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपित फरार
बलरामपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रघुनाथनगर पुलिस ने मध्यप्रदेश सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस की सख्त चेकिंग से घबराए तस्कर ने वाहन से बैरियर तोड़ते हुए भागने की कोशिश की और बाद में बोलेरो को जंगल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन से करीब 210 लीटर शराब जब्त की है।
बलरामपुर पुलिस के द्वारा आज बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुंगवा चेक पोस्ट (एमपी बॉर्डर) पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे मध्यप्रदेश के बैढ़न की ओर से आ रही बोलेरो (सीजी 15 ए 6984) ने पुलिस को देखकर अचानक रफ्तार बढ़ा दी। आरोपित चालक ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को कुचलने की नीयत से वाहन चलाया, जिससे पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए कूदना पड़ा और उन्हें चोटें आईं। इसके बाद आरोपित बैरियर तोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। आज दोपहर करीब 12 बजे रघुनाथनगर क्षेत्र में बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास उक्त बोलेरो झाड़ियों में लावारिस हालत में खड़ी मिली। तलाशी लेने पर वाहन से 209.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2.09 लाख रुपए आंकी गई। साथ ही करीब 4 लाख रुपए कीमत की बोलेरो भी जब्त की गई।
मामले में पुलिस ने आरोपित वाहन चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही आबकारी एक्ट के तहत अलग से मामला कायम कर आरोपी और वाहन मालिक की तलाश की जा रही है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

