गुजरात ले जाई जा रही ढाई लाख की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
डूंगरपुर, 03 जुलाई (हि.स.)।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीएसटी टीम ने बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक ईको गाड़ी से अवैध रूप से गुजरात तस्करी की जा रही अंग्रेजी शराब के 31 कार्टन जब्त किए हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
- डीएसटी टीम को मुखबिर के जरिए विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बिछीवाड़ा क्षेत्र से एक ईको गाड़ी में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पालीसोडा रोड पर आपातकालीन नाकेबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध ईको गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस की नाकेबंदी को देखकर चालक ने गाड़ी को मोड़कर भगाने का प्रयास किया।
मुस्तैद बैकअप टीम ने तुरंत टायर ब्रेकर का उपयोग कर गाड़ी के टायरों को पंचर कर दिया। इसके बावजूद चालक पंचर गाड़ी को करीब एक किलोमीटर तक मुख्य मार्ग से अंदर की तरफ भगा ले गया और सुनसान इलाके में एक मकान के पास गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस टीम द्वारा लावारिस हालत में मिली ईको गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न नामी ब्रांड्स के कुल 31 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने वाहन और शराब को डिटेन कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

