कच्ची शराब के खिलाफ पोलबा थाना का अभियान, 13 गिरफ्तार
| Sep 1, 2026, 18:35 IST
हुगली, 01 सितंबर (हि. स.)। कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए पोलबा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पोलबा थाना प्रभारी तन्मय बाग के नेतृत्व में पुलिस ने थाना क्षेत्र के सुगंधा ग्राम पंचायत के जारुरा, अनंतपुर और भुषनारा गांवों में अभियान चलाया। इस दौरान कुल 450 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने के आरोप में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। मंगलवार को सभी 13 आरोपितों को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि कच्ची शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ आने वाले दिनों में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

