home page

यमुनानगर:कैफे-रेस्टोरेंट में अवैध गतिविधियों के विरोध में ग्रामीण

 | 

यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के व्यासपुर क्षेत्र में कैफे, फास्ट फूड सेंटर और छोटे रेस्टोरेंटों में बिना अनुमति शराब परोसे जाने की शिकायतों से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों का कहना है कि कुछ स्थानों पर कैफे या होम स्टे के नाम पर देर रात तक ऐसी गतिविधियां चल रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के छछरौली मार्ग, जगाधरी मार्ग, साढौरा मार्ग तथा आसपास के इलाकों में हाल के समय में कैफे और छोटे खानपान प्रतिष्ठानों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इनमें से कई जगहों पर नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर दिन के समय बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी भी पहुंचते हैं। अभिभावकों का मानना है कि पढ़ाई के समय छात्रों का लंबे समय तक ऐसे स्थानों पर बैठना उनकी पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। साथ ही गलत संगत की आशंका भी बनी रहती है। नागरिकों के अनुसार क्षेत्र में स्थित कुछ शराब के ठेके भी देर रात तक खुले रहते हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। देर रात तक लोगों की भीड़ और शोर-शराबे की स्थिति बनने से स्थानीय लोगों में असंतोष है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि कैफे, होटल और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तो स्थिति में सुधार हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कैफे, रेस्टोरेंट और होम स्टे के नाम पर संचालित प्रतिष्ठानों की जांच कराई जाए तथा जहां भी बिना लाइसेंस शराब परोसने की शिकायत मिले, वहां सख्त कार्रवाई की जाए।

लोगों का यह भी कहना है कि यदि बिना अनुमति शराब परोसी जाती है तो इससे सरकार के आबकारी राजस्व को भी नुकसान होता है। इस संबंध में थाना प्रभारी व्यासपुर विनोद सैनी ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त और जांच करती रहती है। यदि कहीं से भी अवैध गतिविधि की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार