रूफटॉप पर चल रहा था अवैध हुक्का बार: पुलिस ने दबिश देकर तीन कर्मचारियों को पकड़ा
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। राजा पार्क की गली नंबर-4 स्थित कैफे 9 बीन्स की चौथी मंजिल पर चल रहे अवैध हुक्का बार पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर, हुक्के और सिटिंग फर्नीचर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान हुक्का पी रहे 16 युवक-युवतियों के कोटपा अधिनियम के तहत चालान काटे गए। कैफे संचालक और मैनेजर पुलिस के पहुंचने पर फरार हो गए।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि अवैध हुक्का बार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी छगन डांगी के अनुसार 12 अगस्त की रात टीम राजापार्क की गली नंबर-4 स्थित कैफे पर पहुंची। कैफे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर का हुक्का परोसे जाने की जानकारी थी। पुलिस ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस टीम बगल की बिल्डिंग से होकर कैफे की चौथी मंजिल स्थित रूफटॉप तक पहुंची और दबिश दी। रेड के दौरान कैफे में ग्राहकों को हुक्का परोसते हुए तीन कर्मचारी मिले। मौके पर 16 युवक-युवतियां हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की और नियमानुसार जुर्माना वसूला।
पुलिस ने मौके से दो हुक्के, चिलम, हुक्का पाइप और विभिन्न कंपनियों के प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर के 16 खुले पैकेट जब्त किए। इसके अलावा कैफे में लगी 18 सोफे और आठ टेबल भी जब्त की गईं। पुलिस ने कैफे कर्मचारी रुपेश थापा (25) निवासी पत्रकार कॉलोनी जयपुर, शिवा (25) निवासी गौरीगंज जिला अमेठी उत्तर प्रदेश और सुनील कुमार (34) निवासी हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैफे संचालक और मैनेजर की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कैफे में प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और अवैध हुक्का बार कितने समय से संचालित हो रहा था। इस
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी छगन डांगी के साथ एएसआई दिनेश कुमार और रामावतार तथा कांस्टेबल विद्याधर, शेरसिंह, रामफूल और उमेश चंद शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

