अवैध बजरी से भरा बिना नंबरी डम्पर जब्त, चालक गिरफ्तार
जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोधपुर-नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर अवैध बजरी से भरा बिना नंबर का डम्पर जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्टॉप स्टिक का उपयोग कर डम्पर के टायर पंक्चर कर वाहन को रोका।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि अवैध बजरी खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भवंरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि डीएसटी टीम ने जोधपुर-नागौर हाईवे पर बजरी से भरे बिना नंबर के डम्पर को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया। पीछा करते हुए पुलिस टीम ने स्टॉप स्टिक लगाकर डम्पर के टायर पंक्चर कर दिए।
इसके बावजूद चालक ने डम्पर की हाइड्रोलिक लिफ्ट उठाकर राजमार्ग पर कुछ बजरी खाली कर दी और वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। डीएसटी टीम ने लगातार पीछा कर डम्पर को डिटेन कर लिया। जांच में वाहन में अवैध बजरी का परिवहन पाया गया, जिस पर पुलिस थाना खेड़ापा में खनिज एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर बिना नंबर के डम्पर को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने चालक माताजी के मंदिर के पास, ओसियां निवासी नदीम पुत्र अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

