देवरिया : पुलिस ने मकान में छापा मारकर बरामद किए अवैध पटाखे, दो गिरफ्तार
देवरिया, 22 सितंबर (हि.स.)। महुआडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कसया-गोरखपुर रोड स्थित टोल प्लाजा के पास एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान करीब दो कुंतल निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे, तीन किलो बारूद, बत्ती, दो बोरा कागज और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपिताें को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट देवरिया और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने महुआडीह पुलिस टीम के साथ एक मकान में छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सामान को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपिताें की पहचान हसनैन खान और अरमान खान के रूप में हुई है। दोनों रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखा निर्माण कब से किया जा रहा था और इसके लिए सामग्री कहां से लाई जाती थी।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि अवैध रूप से पटाखा बनाने और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बिना अनुमति पटाखा निर्माण करना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर है। ऐसे मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। बरामद पटाखों और बारूद को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

