करधनी में अवैध पटाखा गोदामों पर छापा, 2,102 कार्टून जब्त; संचालक गिरफ्तार
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। करधनी थाना पुलिस ने रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो गोदामों पर कार्रवाई करते हुए पटाखों से भरे 2,102 कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने गोदाम संचालक विनोद कुमार अग्रवाल (41) निवासी झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 जून को करधनी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वसंत विहार कॉलोनी स्थित दो बंद गोदामों में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने गोदाम संचालक विनोद अग्रवाल को मौके पर बुलाकर गोदाम खुलवाए। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखों से भरे 2,102 कार्टून बरामद हुए। पूछताछ में संचालक पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने सभी कार्टून जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
करधनी थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया कि मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए और इन्हें कहां आपूर्ति किया जाना था।
डीसीपी प्रशांत किरण ने कहा कि बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थों का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे अवैध भंडारण के कारण कोई हादसा होता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
कार्रवाई में उप निरीक्षक चमन लाल, उप निरीक्षक आशीष कुमार, सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल सतीश कुमार की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

