अवैध विस्फोटक सामग्री रखने के पांच केस दर्ज : मकान में अवैध रूप से बेचे जा रहे थे पटाखें, गोदाम पर छापा
जोधपुर, 10 नवम्बर (हि.स.)। शहर में दीपोत्सव के बीच अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर पांच केस दर्ज किए है। दो में दुकानदारों की गिरफ्तारी होने के साथ बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। वहीं एक मकान में बने गोदाम पर पुलिस ने छापा मारा और भारी मात्रा में पटाखें जब्त किए गए। गोदाम किराए पर लिया गया था।
माता का थान पुलिस को सूचना मिली कि अशोक कॉलोनी पानी टंकी के पास में एक मकान में बने गोदाम से अवैध रूप से पटाखें बेचे जा रहे है। आस पास रहवासीय बस्ती है। इस पर थानाधिकारी अनिल यादव आदि वहां पहुंचे और मकान के गोदाम पर रेड दी गई। जहां पर अवैध विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस ने गोदाम से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री यानी पटाखें जब्त किए जाने के साथ राजेश खेतानी के खिलाफ केस दर्ज किया।
दूसरी तरफ डांगियावास पुलिस थाने के एएसआई परसाराम ने कोकुण्डा गांव में हरवन गोस्वामी को अवैध विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा। उसे गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार एएसआई परमेश्वरलाल ने खातियासनी डांगियावास में अर्जुन जाट को गिरफ्तार कर पटाखें जब्त किए। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम का केस बनाया गया।
करवड़ थाने के एएसआई बंशीलाल ने गंगाणाी गांव में महेंद्र उर्फ कालूराम से विस्फोटक सामग्री जब्त की। जबकि एएसआई मोहनराम ने बासनी लाछा गांव में सुनील जाट से विस्फोटक सामग्री को जब्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

