बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा दुकानदार गिरफ्तार: 50 हजार रुपए के पटाखे जब्त
जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ जामडोली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपए कीमत के 38 अलग-अलग लेबल के पटाखे जब्त किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जामडोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 7 नवंबर 2026 को विजयपुरा सुमेल पुरानी चुंगी और मीना पालड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में पटाखा दुकानों के लाइसेंस की जांच के लिए अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने विजयपुरा रोड पर प्रेम डेंटल क्लिनिक के सामने संचालित दुकान पर कार्रवाई की। यहां दुकानदार प्रमोद कुमार शर्मा निवासी जामडोली बिना किसी स्थायी या अस्थायी अनुज्ञापत्र के पटाखों की बिक्री करता मिला। पुलिस ने मौके से 38 अलग-अलग लेबल के करीब 50 हजार रुपए कीमत के पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने व्यापारियों से अपील की है कि पटाखों का क्रय-विक्रय केवल वैध अनुज्ञापत्र लेकर और निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

