सागर में अवैध हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार
कट्टा, पिस्टल और रिवाल्वर समेत तीन कारतूस बरामद, हथियार बनाने का सामान जब्त
सागर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कजलीवन मैदान के पास से एक युवक को अवैध कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया। इनमें से एक के ठिकाने से अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, कैंट थाना पुलिस की टीम अवैध हथियारों की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कजलीवन मैदान के पास एक युवक देशी कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनुज सेन (24), निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, सागर बताया।
तलाशी लेने पर अनुज के कब्जे से .315 बोर का एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उक्त कट्टा उसने बीना निवासी साहिल अहिरवार (24), निवासी भीम वार्ड से खरीदा था।
साहिल के ठिकाने से हथियार बनाने का सामान मिला
अनुज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने साहिल अहिरवार के ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .38 बोर की एक देशी रिवाल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस को हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री भी मिली।
जब्त सामग्री में ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, तीन कटी हुई लोहे की नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां शामिल हैं।
पिस्टल खरीदने वाले युवक तक भी पहुंची पुलिस
पुलिस की पूछताछ में साहिल अहिरवार ने बताया कि उसने एक देशी पिस्टल सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र की आवासीय कॉलोनी निवासी सूरज अहिरवार (23) को दी थी। इसके बाद पुलिस ने सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर की एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल तीन अवैध आग्नेयास्त्र और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इनमें .315 बोर का एक देशी कट्टा, .38 बोर की एक देशी रिवाल्वर और .32 बोर की एक देशी पिस्टल शामिल है।
सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
कैंट थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने अब तक कितने लोगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराए हैं और हथियार निर्माण एवं आपूर्ति के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

