पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
कोंडागांव, 10 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ लेकर लोगों को भयभीत कर कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपितों कार्तिकेश्वर कश्यप एवं विशाल सोनी को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक कार, एक मोबाइल फोन एवं 30 हजार रुपये नगद जब्त की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरूद्ध कार्रवाई उपरांत आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया है ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोंडागांव क्षेत्र के जामपदर पारा निवासी प्रार्थी तिमिर प्रकाश पटेल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, कि दो व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान की फोटो एवं वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने, बदनाम करने तथा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की वसूली की। शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 213/2026, धारा 308(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी कार्तिकेश्वर कश्यप (उम्र 43 वर्ष, निवासी मावलीगुड़ा, थाना बस्तर) एवं विशाल सोनी (उम्र 29 वर्ष, निवासी करेकोटपारा, पण्डरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों को समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने का भय दिखाते हुए रुपये वसूलने की बात स्वीकार की। आरोपितों के कब्जे से एक डिजायर कार क्रमांक सीजी- 17-एलजी- 6661, एक मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उपनिरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, ललित गावड़े, आरक्षक बुधराम कोर्राम तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, आरक्षक बिरजू सोरी एवं बिजू यादव का योगदान रहा। कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि है कि यह कार्रवाई पत्रकारिता की आड़ लेकर कथित आपराधिक कृत्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की छवि को प्रभावित करना नहीं है। कानून सभी के लिए समान है तथा किसी भी पेशे की आड़ में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

