फर्रुखाबाद में अवैध ई-टिकट बेचने वाला गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 9 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कासगंज सीआईबी की संयुक्त टीम ने रेलवे के आरक्षित ई-टिकटों के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के 10 ई-टिकट बरामद किए हैं।
आरपीएफ थाना प्रभारी ओपी मीणा और सीआईबी कासगंज के सुभाष चंद्र के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार शाम कमालगंज के नगला दाउद स्थित मोहम्मद समी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन से आरक्षित ई-टिकट बरामद हुए। जांच में आरोपित के पास से 20 हजार रुपये 75 पैसे मूल्य के कुल 10 ई-टिकट मिले। इनमें 17,753 रुपये 90 पैसे मूल्य के सात टिकटों की यात्रा पूरी हो चुकी थी, जबकि 2,266 रुपये 75 पैसे मूल्य के तीन टिकटों पर यात्रा शेष थी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा ने बताया कि आरोपित मोहम्मद समी आईआरसीटीसी की व्यक्तिगत यूजर आईडी का इस्तेमाल कर ग्राहकों की मांग के अनुसार तत्काल, प्रीमियम तत्काल और सामान्य श्रेणी के रेल आरक्षित ई-टिकट बनाता था। आरोपित टिकट बनाने के बदले ग्राहकों से 100 से 200 रुपये अतिरिक्त वसूलता था। अवैध कारोबार में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। आरपीएफ ने आरोपित मोहम्मद समी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

