रायपुर में ड्राई ड्रग्स पर बड़ा एक्शन, बिना पर्ची प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले चार मेडिकल स्टोर सील
रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। सूखे नशे (ड्राई ड्रग्स) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस और औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वाले चार मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया।
संबंधित संचालकों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोरों की जांच की गई।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर में बढ़ते ड्राई ड्रग्स के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि, कुछ मेडिकल स्टोर डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित और नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं, जिनका दुरुपयोग विशेष रूप से युवा नशे के रूप में कर रहे हैं।
इसी के तहत मंगलवार को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस, औषधि निरीक्षक और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने टेस्ट परचेजिंग के जरिए विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच की।
जांच में मां दुर्गा मेडिकोज (गोल चौक), आयुष मेडिकल (गुढ़ियारी), विश्वास मेडिकल (भनपुरी) और उदय मेडिकल स्टोर (उरकुरा) में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रेगाबालिन कैप्सूल और रेक्सकॉफ डीएक्स सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाइयां बेची जाती मिलीं। इसके बाद चारों मेडिकल स्टोरों को सील कर उनके संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि, प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयों का विक्रय केवल वैध डॉक्टर की पर्ची पर ही करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

