home page

असम: कामपुर में अवैध डीजल से भरी बोलेरो जब्त

 | 
असम: कामपुर में अवैध डीजल से भरी बोलेरो जब्त


नगांव (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। नगांव जिले के कामपुर क्षेत्र अंतर्गत काकती गांव में पुलिस ने अवैध रूप से डीजल ले जा रही एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चल रहे अवैध ईंधन कारोबार पर एक बार फिर सवाल उठे हैं।

गुरुवार को सूचना के आधार पर कामपुर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह डीजल लामडिंग से कामपुर होते हुए रहा के मणिपुर टोप की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान वाहन से सात ड्रम में करीब 1500 लीटर डीजल बरामद किया गया।

जब्त किए गए वाहन का नंबर एएस-01क्यूसी-1993 है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक सहित पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश