रक्सौल में अवैध नेपाली-भारतीय मुद्रा कारोबार का भंडाफोड़,50 लाख रूपये के साथ एक गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण, 22 अप्रैल (हि.स.)। इंडो-नेपाल बार्डर रक्सौल में पुलिस ने अवैध मुद्रा विनिमय के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है। बुधवार को रक्सौल पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 50 लाख रुपये के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान नगर परिषद क्षेत्र के तुमड़िया टोला निवासी स्वर्गीय सुरेश प्रसाद गुप्ता के पुत्र सोनू कुमार को रक्सौल स्टेशन रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी सोनू के पास से 43 लाख 45 हजार 900 रुपये भारतीय मुद्रा और 2 लाख 38 हजार 700 रुपये नेपाली मुद्रा व एक नोट गिनने वाली मशीन भी बरामद की है। थानाध्यक्ष आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर में लंबे समय से अवैध मुद्रा विनिमय कारोबार संचालित किया जा रहा है। जहां भारतीय और नेपाली मुद्रा का गैरकानूनी लेन-देन को अंजाम दिया जा रहा है।
सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, एसएसबी के सहायक कमांडेंट सचिन कुमार, एसआई कृष्ण मुरारी, जितेंद्र कुमार, प्रेम कुमार सहित पुलिस और एसएसबी के कई जवान शामिल थे।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध मुद्रा विनिमय का कारोबार चला रहा था।
फिलहाल पुलिस बरामद राशि के स्रोत, लेन-देन के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। ऐसी संभावना है,कि जांच में कुछ अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आ सकती है। थानाध्यक्ष आईपीएस हेंमत सिंह ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस और एसएसबी ने सीमा क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

