अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
बांदा, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी थाना पुलिस ने ग्राम मोतियारी में एक अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात निर्मित, दो अर्धनिर्मित तमंचे, दो जिंदा कारतूस और शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपित घर के अंदर तमंचे तैयार कर बांदा और आसपास के जिलों में 7 से 8 हजार रुपये प्रति तमंचे की दर से बिक्री करते थे।
क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने मंगलवार को बताया कि 24 अगस्त की देर शाम नरैनी पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम मोतियारी के बाहर एक घर में अवैध तमंचे बनाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और घर में छापेमारी कर दो आरोपितों को तमंचे बनाते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को छह चालू हालत के तमंचे, एक चालू हालत में नहीं तमंचा, दो अर्धनिर्मित तमंचे और दो जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा तमंचे बनाने में इस्तेमाल होने वाले धौंकनी, ग्लैंडर, ड्रिल, शिकंजा, नोहाई, हथौड़ी, सुम्मी, छेनी, ब्लेड समेत बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे घर में अवैध तमंचे तैयार करते थे और तैयार हथियारों को बांदा समेत आसपास के जिलों में 7 से 8 हजार रुपये प्रति तमंचे की कीमत पर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, हथियार खरीदने वालों और सप्लाई में सहयोग करने वालों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर नरैनी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपितों में देवीदीन पुत्र लुक्खू निवासी ग्राम रामनई, थाना अजयगढ़, जनपद पन्ना (मध्य प्रदेश) तथा रामस्वरूप उर्फ मुल्ला पुत्र मैकू निवासी ग्राम मोतियारी, थाना नरैनी, जनपद बांदा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

