अवैध पशु तस्करी के मामले में फरार वाहन स्वामी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल
बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कुसमी पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे वाहन स्वामी को गिरफ्तार किया है। आज शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित दिनेश प्रसाद (54), निवासी महुआडांड़, जिला लातेहार, झारखंड को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 की रात करीब 2:30 बजे ग्राम कुसमी के भेड़ी टोंगरी के पास तीन मवेशियों को टाटा सूमो वाहन में क्रूरतापूर्वक लादकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। मामले में पंकज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर कुसमी थाने में अपराध क्रमांक 57/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मौके से तीनों मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया था। तस्करी में इस्तेमाल टाटा सूमो वाहन को भी जब्त किया गया था। जांच में वाहन स्वामी दिनेश प्रसाद की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आपराधिक कृत्य स्वीकार किए जाने के बाद दिनेश प्रसाद को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीक्षण संशोधन अधिनियम की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

