home page

अनूपपुर: अवैध मवेशी तस्करी, क्रूरतापूर्वक ले जाई जा रही 6 भैंसों को छुड़ाया

 | 
अनूपपुर: अवैध मवेशी तस्करी, क्रूरतापूर्वक ले जाई जा रही 6 भैंसों को छुड़ाया


अनूपपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा पुलिस चौकी में गुरुवार को धुरवासिन तिराहे के पास बिना नंबर की पिकअप गाड़ी में अवैध मवेशी तस्करी कर क्रूरतापूर्वक ले जाई जा रही 6 भैंसों को छुड़ाया गया। इस दौरान पुलिस को देख चालक और साथी गाड़ी को सड़क पर ही छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। फरार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

फुनगा चौकी प्रभारी ने बताया कि खबर मिली थी कि जैतहरी की तरफ से धुरवासिन की ओर एक गाड़ी में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धुरवासिन स्कूल तिराहे पर नाकाबंदी कर दी। थोड़ी देर में बिना नंबर की पिकअप आती दिखी, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक और उसके साथी गाड़ी को सड़क पर ही छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। जब गाड़ी की तलाशी ली, तो पिकअप के अंदर 6 भैंसें बहुत ही बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर रस्सियों से बंधी मिलीं। उनके पैर गाड़ी के हुक से बांधे गए थे। जब्त की गई भैंसों की कीमत करीब 1.80 लाख रुपए और पिकअप गाड़ी की कीमत 7 लाख रुपए बताई जा रही है। कुल मिलाकर 8 लाख 80 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है।

जांच के बाद सुरक्षित जगह भेजा गया

भैंसों को गाड़ी से उतारकर उनकी डॉक्टर से जांच कराई गई और खाने-पीने की व्यवस्था के साथ उन्हें फिलहाल कोलमी गांव के रामस्वरूप रजक की देखरेख में सौंप दिया गया है। गाड़ी को फुनगा चौकी में खड़ा कराया गया है। वहीं फरार तस्करों की तलाश की जा रहीं हैं।

पुलिस का कहना है कि तस्करों के पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि इन मवेशियों को कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला