मध्य प्रदेश के धार में गांजे की अवैध खेती पर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 969 किलो से अधिक गांजा जब्त
भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने खेतों से गांजे के कुल 1,284 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 969.335 किलोग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ 57 लाख 12 हजार रुपए आंकी गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों में टांडा थाना और मनावर की उमरबन चौकी की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार, दोनों स्थानों पर गांजे की खेती अन्य फसलों के बीच की जा रही थी।
कपास के खेत से मिले 1,134 पौधे
भाेपाल स्थित पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार काे दी गई जानकारी अनुसार पहली कार्रवाई में टांडा थाना पुलिस ने ग्राम जाली में एक खेत पर दबिश दी। यहां कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से गांजे के 1,134 हरे पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 518.335 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए थे पौधे
दूसरी कार्रवाई मनावर क्षेत्र की उमरबन चौकी पुलिस ने ग्राम करौंदिया खुर्द में की। पुलिस के अनुसार, यहां खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान 150 हरे पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 451 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 54 लाख 12 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में भी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अवैध कारोबार के नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, तस्करी और वितरण से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत जब्ती और गिरफ्तारी के साथ अवैध कारोबार के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

