कोलकाता में अवैध हथियार निर्माण अड्डे का भांडाफोड़, हथियार बरामद
कोलकाता, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कोलकाता के आयूबनगर इलाके में छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को नदियाल थाना क्षेत्र के एक मकान में मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
छापेमारी के दौरान सात एमएम के दो आग्नेयास्त्र, दो देशी हथियार, विभिन्न कैलीबर के जिंदा कारतूस, इस्तेमाल किए गए कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामान से मौके पर अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किए जाने के संकेत मिले हैं।
इस मामले में आरोपित व्यक्ति मौके से फरार हो गया। हालांकि, उसकी पहचान कर ली गई है। नदियाल थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी और अवैध हथियार निर्माण से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

