home page

मध्यप्रदेश से हथियार लाकर जयपुर में बेचने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

 | 
मध्यप्रदेश से हथियार लाकर जयपुर में बेचने वाले दो बदमाश गिरफ्तार


जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। खोराबीसल थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश से अवैध हथियार लाकर जयपुर में बेचने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल, तीन मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपित पुलिस से बचने के लिए खोराबीसल इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि हथियार तस्करी में आरोपितों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मध्यप्रदेश निवासी उदयपुर गुर्जर (24) और साहिल लोभी (26) के रूप में हुई है। दोनों जयपुर के खोराबीसल इलाके के दुर्गा विहार-5 में किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल भरत सिंह को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से अवैध हथियार लेकर दो बदमाश जयपुर आए हैं और खोराबीसल इलाके में हथियार बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार शाम दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित करीब तीन साल से जयपुर में किराए पर रहकर हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। वे मांग मिलने पर मध्यप्रदेश जाकर अवैध हथियार खरीदकर जयपुर लाते और यहां 10 से 15 हजार रुपये तक का मुनाफा लेकर बेचते थे। आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में खुद को दिहाड़ी मजदूर बताया और हथियार सप्लाई करने से इनकार किया।

पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और जयपुर में हथियार खरीदने वालों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में आरोपितों से अन्य हथियारों की बरामदगी और तस्करी नेटवर्क के खुलासे की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश