home page

सिरमौर में पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

 | 

नाहन, 13 मार्च (हि.स.)। सिरमौर जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) और साइबर सेल नाहन की संयुक्त टीम ने की। यह मामला पुरुवाला थाना क्षेत्र का है। पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि मेहरबान उर्फ अरबाज (22), जो पांवटा साहिब के मैहरुवाला इलाके का रहने वाला है, अवैध पिस्टल और देसी कट्टों की खरीद-फरोख्त में शामिल है।

सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके पास इस समय भी अवैध हथियार मौजूद हो सकते हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुरुवाला पुलिस ने आरोपी मेहरबान उर्फ अरबाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर