home page

जीवनतला में अवैध हथियार और कारतूस बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
जीवनतला में अवैध हथियार और कारतूस बरामद, दो गिरफ्तार


कोलकाता, 17 जून (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के जीवनतला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अभियान चलाकर अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 16 जून को जीवनतला थाना पुलिस ने श्रीनगर के चामड़ा पट्टी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान दो युवकों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद साद्दाम हुसैन सरदार (34) और सामिनुर लस्कर (21) के रूप में हुई है। दोनों जीवनतला क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से लोहे से बने दो इम्प्रोवाइज्ड वन शॉटर हथियार, चार राउंड आठ एमएम जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और दो रॉयल एनफिल्ड क्लासिक 350 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के स्रोत और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता