सदर अस्पताल के पास हथियार संग दबोचा गया शातिर, बाइक चोरी की थी तैयारी
सीवान, 21 मई (हि.स.)।
सीवान नगर थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात सदर अस्पताल के समीप कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सन्नी मांझी के रूप में हुई है जो महादेव थाना क्षेत्र के विजय हटा निवासी मनभरन मांझी का पुत्र है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 21 मई 2026 को रात्रि करीब 12:10 बजे नगर थाना को सूचना मिली कि नगर थाना कांड संख्या 530/26 का अप्राथमिकी अभियुक्त सदर अस्पताल के आसपास अवैध हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देशी कट्टा एवं दो कारतूस बरामद किए गए।इस संबंध में नगर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना कांड संख्या 13/22 में धारा 394 भादवि तथा कांड संख्या 624/23 में धारा 413/414/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है। पुलिस झारखंड राज्य में दर्ज अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.ल।छापेमारी टीम में नगर थाना के थानाध्यक्ष पुनि अविनाश कुमार, पुअनि शशि रंजन एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

