नदी किनारे चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 12 अप्रैल (हि.स.)। स्वाट, सर्विलांस टीम तथा थाना खमरिया पुलिस ने संयुक्त अभियान में नदी किनारे संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो अंतरजनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियारों के साथ उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के अनुसार, 11 अप्रैल को टीम ने ग्राम लुधौनी से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे छप्पर डालकर चल रही फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके से जमील उर्फ भुर्जी (निवासी सीतापुर) व रोज अली (निवासी ईसानगर, खीरी) को अवैध शस्त्र बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से 9 देशी तमंचे (315 व 12 बोर), 4 अर्धनिर्मित तमंचे, 11 नाल, कई जिंदा व खोखा कारतूस तथा ट्रिगर, स्प्रिंग, फायरिंग पिन सहित बड़ी संख्या में पुर्जे बरामद हुए। इसके अलावा बरमा मशीन, वेल्डिंग सामग्री, हथौड़ी, आरी, रेती व अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनसान स्थानों व नदी किनारे अस्थायी ठिकाने बनाकर जगह बदल-बदल कर अवैध असलहा तैयार करते थे। जमील पर पूर्व में आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रोज अली पर गौकशी व अन्य मामलों में भी अभियोग दर्ज हैं। इस संबंध में थाना खमरिया में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

