home page

यमुनानगर : अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पांच कारतूस बरामद

 | 
यमुनानगर : अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पांच कारतूस बरामद


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। पुलिस की अपराध शाखा-2 ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने बुधवार को बताया कि टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मंडोली हाईवे बस स्टॉप के समीप एक युवक संदिग्ध स्थिति में मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसआई योगेश के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली।

जांच के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्तौल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान यमुनानगर के गाँव घोड़ों पिपली निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त के स्रोत और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच जारी है, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार