सागरः निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती नाबालिग से छेड़छाड़, वार्ड बॉय के खिलाफ मामला दर्ज
सागर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में एक निजी अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ ड्यूटी पर तैनात वार्ड बॉय द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आने और पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना के विरोध में अस्पताल परिसर में हंगामे हो गया।
पुलिस को दिए गए बयान में पीड़ित किशोरी ने बताया कि वह दो दिन पहले अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। रास्ते में बरोदा के समीप उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें किशोरी को चोटें आई थीं। बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे 20 नवंबर को सागर स्थित बरगद अस्पताल लेकर आए थे, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे 'आईसीयू' में भर्ती किया था।
शिकायत के अनुसार, 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे जब नाबालिग आईसीयू के बेड पर सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल उसके पास पहुंचा और उसे गलत नीयत से छुआ। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे बातचीत करने की बात कहते हुए उसका मोबाइल नंबर मांगा। जब किशोरी ने नंबर देने से इनकार किया, तो आरोपी ने दोबारा उसके साथ गलत हरकत की। उस वक्त डर और घबराहट के कारण नाबालिग कुछ बोल नहीं सकी, लेकिन बाद में जब उसकी बुआ की बेटी अस्पताल पहुंची, तो उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद अस्पताल के आईसीयू का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति नाबालिग के बेड के पास खड़ा होकर नीचे झुकता हुआ दिखाई दे रहा है, जो कंबल के ऊपर तथा किशोरी के हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से की ओर हाथ बढ़ाता नजर आता है।
परिजनों की सूचना पर पहुंची सिविल लाइन सागर थाना पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

