home page

सेवानिवृत्त आई ए एस अधिकारी की हत्या के बाद जबलपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर

 | 
सेवानिवृत्त आई ए एस अधिकारी की हत्या के बाद जबलपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर


जबलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में सेवानिवृत्त आई ए एस अधिकारी की हत्या के बाद जबलपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शहरभर में किराए के मकानों, फ्लैट्स, डुप्लेक्स, पेइंग गेस्ट और केयरटेकर के रूप में रह रहे लोगों की जांच-पड़ताल तेज कर दी गई है। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर सर्चिंग के साथ नए किराएदारों के सत्यापन पर विशेष जोर दे रही है।

इसी अभियान के तहत गोरखपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक अपार्टमेंट के फ्लैट पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध शराब और प्रतिबंधित हुक्का बरामद हुआ। मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गोरखपुर CSP एमडी नगोतिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और थाना प्रभारियों की टीम ने क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक अपार्टमेंट में कुछ लोगों ने हाल ही में फ्लैट किराए पर लिया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित फ्लैट की तलाशी ली, जहां अवैध शराब और प्रतिबंधित हुक्का मिलने पर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके संपर्कों और फ्लैट में आने-जाने वाले अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद जबलपुर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हॉस्टल, पेइंग गेस्ट और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। पुलिस को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक